बस्ती मंडल न्यूज़ | संवाददाता: मृत्युंजय शर्मा
अकबरपुर (अम्बेडकरनगर)। जनपद के अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस खूनी संघर्ष में लाठी-डंडों के साथ-साथ धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में तनाव फैला दिया है।
स्टे ऑर्डर के बावजूद जबरन बोरिंग करवाने का आरोप
पीड़ित पक्ष के पंकज वर्मा और हिमांशु वर्मा ने अकबरपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि विपक्षी राजकरन वर्मा, अनिल वर्मा, अजीत वर्मा, आकाश वर्मा, राहुल वर्मा, राकेश वर्मा सहित 8-10 अन्य लोग जबरन गाटा संख्या-1154 पर बोरिंग करवा रहे थे। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इस भूमि पर रघुनाथ (पुत्र स्व. फूलचंद) ने न्यायालय से स्टे ऑर्डर ले रखा है।
रघुनाथ पर बांका, फरसा और कुल्हाड़ी से हमला, लहूलुहान
जब रघुनाथ बोरिंग का काम रोकने गए, तो विपक्षीगण ने अपने साथियों के साथ उन पर बांका, फरसा और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में रघुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर से खून बहने लगा।
मदद करने पहुँचे युवकों पर भी हुआ हमला
घटना की सूचना मिलने पर पंकज वर्मा और हिमांशु वर्मा अपने खेत गाटा संख्या-1156 की देखरेख के लिए मौके पर पहुँचे। विपक्षीगण ने उन पर भी बांका, फरसा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। किसी तरह वे अपनी जान बचाकर वहाँ से भाग निकले और पुलिस को सूचना दी।
कोतवाल का बयान: जाँच और विधिक कार्यवाही जारी
दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस संबंध में कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और वायरल वीडियो व तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्यवाही की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ